विदेश से जोधपुर लौटे 300 लोगों को ले जाया जा रहा है कोरेंटाइन सेंटर, शहर में मचा हड़कंप

 कोरोना का फैलाव रोकने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार को पूरे शहर में सघन जांच अभियान चलाकर हाल ही विदेश यात्रा से लौटे करीब 300 लोगों की तलाश की और उन्हें शहर में बनाए विशेष कोरोंटाइन सेंटरों में ले जाया गया। विशेषरूप से 17 मार्च के पश्चात विदेश से आए लोगों पर फोकस किया गया। दिल्ली व मुंबई से विदेश से लौटे लोगों की सूची मंगाकर नाम व पासपोर्ट के आधार पर लोगों को तलाश किया गया।



शहर में अब तक मिले 6 करोना पॉजिटिव पाए गए लोगों में से पांच विदेश से लौटे है। जबकि एक युवती विदेश से लौटे लोगों के संपर्क में रहने के कारण संक्रमित हुई। शहर में कई लोग ऐसे है जिन्होंने विदेश से लौटने के बावजूद प्रशासन को इसकी सूचना नहीं दी। विदेश से लौटे लोगों के कोरोना संक्रमित होने की स्थिति में इसके कम्यूनिटी में स्प्रेड होने की आशंका सबसे अधिक रहती है। इसे ध्यान में रख प्रशासन ने आज सुबह से एक के बाद एक कर लोगों को पुलिस की मदद से उठाना शुरू कर दिया। इन्हें एम्बुलेंस में बैठाकर कोरेंटाइन सेंटरों में भेजा जा रहा है। शहर के विभिन्न हिस्सों से इस प्रकार लोगों को उठाने के कारण शहर में एक बार हड़कंप मच गया। लोगों को लगा कि एम्बुलेंस में बैठाकर ले जाए जा रहे लोगों को कोरोना है। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इनमें से फिलहाल कोई भी कोरोना संक्रमित नहीं है। एहतियात के तौर पर इन लोगों को कुछ दिन आइसोलेशन में रखा जाएगा।